चमोली। नेपाल के जनकपुर जिले में स्थित सीतामढ़ी मंदिर से चारधाम यात्रा पर निकले घंटी वाले बाबा जानकी दास जी महाराज शनिवार को चमोली पहुंचे। वे दस मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने पर यहां से एक घंटी लेकर सीतामढ़ी मंदिर में अर्पित करेंगे। उनका संकल्प है कि विभिन्न मंदिरों से वे 108 घंटियां माता सीताजी के मंदिर में अर्पित करेंगे।
बाबा जानकी दास जी महाराज जिस भी मंदिर में जाते हैं, वहां के पुजारी से एक घंटी माता सीता के मंदिर के लिए देने का अनुरोध करते हैं। बाबा जानकी दास का कहना है कि प्रसिद्ध तीर्थस्थलों की घंटियां माता सीता को अर्पित करने से वे प्रसन्न होती हैं। बदरीनाथ के बाद केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री भी जाएंगे। उन्होंने बताया कि वे अभी तक 53 घंटियां इकट्ठा कर चुके हैं। बाबा नेपाल से बस से 18 अप्रैल को हरिद्वार पहुंचे और यहां से वाहन से चमोली पहुंचे हैं। वे जोशीमठ नृसिंह मंदिर, योग ध्यान बदरी और बदरीनाथ धाम से पुजारियों से अनुरोध कर घंटियां माता सीता के मंदिर के लिए ले जाएंगे। वे नेपाल में भी कई मंदिरों से घंटियां माता सीता को अर्पित कर चुके हैं। इसी कारण उन्हें नेपाल में घंटी वाले बाबा के नाम से भी जाना जाता है।