कर्णप्रयाग। आदिबदरी और कर्णप्रयाग तहसील के गांवों में पड़ रही भयंकर गर्मी में लोग पीने के पानी के लिए भटक रहे हैं। गौचर में रविवार को बिजली नहीं होने के कारण पानी की मोटर नहीं चल पाई, जिससे लोगों को पीने का पर्याप्त पानी नहीं मिल सका।
प्राकृतिक जलस्रोत सूख गये हैं। आदिबदरी तहसील के नौना, पयां, जुलगढ़, भलसों ,कर्णप्रयाग तहसील के गांवों बसक्वाली, सिनखाल, केदारूखाल, रतूड़ा, खंडूड़ा, गैरोली, कोली, भटोली, कुंड आदि गांवों में मांग के अनुरूप पानी कम आ रहा है। ग्रामीण विजय प्रसाद, बिरेंद्र भंडारी, देवेंद्र प्रसाद, हरीश, माया देवी, नंदा देवी, प्रमिला देवी आदि ने बताया कि वे प्राकृतिक स्रोत से पानी भर रहे हैं, लेकिन स्रोत में भी कम पानी आ रहा है। गौचर नगर में बिजली की आपूर्ति बाधित होने से मोटर नहीं चल पाई, ऐसे में हजारों लोगों को पानी नहीं मिल सका। नौटी, नैणी, रतूड़ा आदि गांवों में काश्तकार बिना पानी के रोपाई नहीं कर पा रहे हैं। जल संस्थान के जेई दिनेश पुरोहित ने कहा कि जिन गांवों में टैंकर से पानी पहुंचाया जा सकता है वहां जल संस्थान टैंक से पानी पहुंचा रहा है। गांवों में भी सबको पानी पहुंचाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। नलों पर लीकेज को बंद किया जा रहा है।