थराली। सरकार की लापरवाही के कारण नंदकेशरी-जौला मोटर मार्ग खतरनाक स्थित में है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुधारने की मांग की है।
महेश शंकर त्रिकोटी, हीरा सिंह, राजेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह आदि का कहना है कि सड़क किनारे नाली नहीं बनी है, जिससे बारिश का पानी सड़क पर आ रहा है। बरसाती पानी से गुजरते समय राहगीरों पर कीचड़ और दूषित पानी के छींटे पड़ रहे हैं। सड़क पर दलदल होने से दुपहिया वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही है। काठिंग और धौड़ में सड़क धंसने से 50 मीटर का गड्ढा बना है, उसे अभी तक भरा नहीं गया है। वहीं अखोड़सारी के पास पहाड़ी से आए मलबे के ऊपर से वाहन बड़ी मुश्किल से गुजर रहे हैं, जिससे एक तरफ गहरी नाली बन गयी है। भरपूर, सिमसारी, बुड़जौला आदि स्थानों पर भी मलबा सड़क पर पड़ा है और मुश्किल से एक गाड़ी गुजर पा रही है। पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता प्रमोद गंगाड़ी ने कहा कि इस्टीमेट पास नहीं होने से धनराशि नहीं मिल पाई है, इसलिए मलबा नहीं हटाया जा सका। जल्द ही सड़क को दुरुस्त किया जायेगा।