गोपेश्वर। लड़कियों की फेसबुक प्रोफाइल से फोटो चुराकर अज्ञात व्यक्ति की ओर से लड़कियों पर भद्दी टिप्पणी करने का मामला प्रकाश में आया है। श्रीदेव सुमन विवि के गोपेश्वर कैंपस के छात्र संघ पदाधिकारियों ने इस संबंध में थाना गोपेश्वर में लिखित शिकायत दर्ज कराई और शीघ्र दोषी व्यक्ति की तलाश कर कार्रवाई करने की मांग की।
छात्र संघ अध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व में थाने पहुंचे छात्र संघ पदाधिकारियों व पीड़ित छात्राओं ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में कहा कि अज्ञात व्यक्ति की ओर से फेक आईडी बनाकर फेसबुक प्रोफाइल से लड़कियों की फोटो ली जा रही है। उसके बाद अज्ञात व्यक्ति उन लड़कियों की फोटो पर अभद्र और अश्लील टिप्पणी लिखकर पोस्ट कर रहा है। जिले की कई लड़कियों की फोटो के साथ ऐसा किया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ लड़कियों ने पहले भी इस तरह की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी लेकिन इस संबंध में आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अब दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। इधर, थानाध्यक्ष दीपक रावत ने कहा कि छात्र संघ के पदाधिकारियों की शिकायत पर साइबर क्राइम ब्रांच के माध्यम से पता लगाया जाएगा कि ऐसा कौन कर रहा है। संबंधित व्यक्ति का सुराग मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।