गोपेश्वर। आठ जून को बदरीनाथ हाईवे पर बाजपुर में चट्टान से छिटके पत्थर की चपेट में आए बणद्वारा गांव के युवक ने देहरादून के महंत इंदिरेश हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मंडल घाटी के बणद्वारा गांव का रमेश लाल (35) पुत्र छोटिया लाल आठ जून को अपने भाई दिनेश लाल के साथ गोपेश्वर आ रहा था। बदरीनाथ हाईवे के बाजपुर में वाहनों के जाम के दौरान वे पैदल ही आवाजाही करा रहा था कि तभी अचानक चट्टान से छिटका पत्थर रमेश के सिर पर जा गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 सेवा से बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे देहरादून के महंत इंदिरेश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। सोमवार को रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से मंडल घाटी में मातम छाया है। रमेश अपने पीछे दो बच्चे, पत्नी और मां को छोड़ गया है।