गोपेश्वर। श्रम विभाग, जिला बाल कल्याण समिति चाइल्ड लाइन और पुलिस की टीम ने चारधाम यात्रा मार्ग स्थित होटल, ढाबों में छापेमारी की। उन्होंने होटल और ढाबों में काम कर रहे पांच नाबालिग बच्चों को कार्यमुक्त कर परिजनों को सौंपा। साथ ही पांच होटल मालिकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।
बाल श्रम रोकने के लिए श्रम विभाग की ओर से होटल और ढाबों में छापेमारी कर नाबालिगों को चिह्नित किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी जयपाल भेंटवाल, बाल कल्याण समिति के सदस्य महानंद बिष्ट, उमाशंकर बिष्ट के नेतृत्व में बदरीनाथ हाईवे पर भीमतला, पीपलकोटी और चमोली बाजार में संचालित होटल व ढाबों में कार्य कर रहे पांच नाबालिगों को कार्यमुक्त कराया और परिजनों के सुपुर्द किया। होटल मालिकों के खिलाफ बाल मजदूरी अधिनियम के तहत चमोली थाने में प्राथमिकी दर्ज की। उन्होंने होटल मालिकों को नाबालिग बच्चों से कार्य न करवाने की हिदायत दी। इस मौके पर एसआई शिवदत्त जमलोकी, सतेंद्र विश्वकर्मा, चाइल्ड लाइन टीम के सदस्य पंकज पुरोहित और रुद्र सिंह भंडारी आदि मौजूद थे।