देवाल। वाण के ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग की ओर से आली बुग्याल के पास कुर्मतोली में मवेशियों के लिए चुगान की अनुमति दे दी गई है।
ग्राम प्रधान खीमी राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरा पहाड़ी ने बताया कि हाईकोर्ट की ओर से पर्यटकों के बुग्यालों में रात्रि प्रवास और मवेशियों के चुगान पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। तब से ग्रामीण शासन-प्रशासन से स्थानीय काश्तकारों के मवेशियों को बुग्यालों में चुगान की अनुमति की मांग कर रहे थे। बृहस्पतिवार को प्रभागीय वनाधिकारी अमित कंवर ने देवाल के रेंज अधिकारी को आली बुग्याल के समीप कर्मतोली तोक में स्थानीय पशुपालकों के मवेशियों के चुगान के आदेश दिए। वन दरोगा टीएस बिष्ट ने बताया कि स्थानीय लोगों को ही कर्मतोली में पशु चुगान की अनुमति दी गई है। विभाग की ओर से स्थानीय ग्रामीणों के पशुओं की गणना भी की जाएगी।