कर्णप्रयाग। ब्लॉक के सिदोली, देवल और डिम्मर गांव के धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्वालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सिदोली में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा पुराण के नौवें दिन कथा व्यास आचार्य महानंद मैठाणी ने सिद्धीदात्री देवी की कथा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का निवास होता है। इस मौके पर नरेश खंडूड़ी, संजय मैठाणी, पूर्व विधायक अनिल नौटियाल, आलोक नौटियाल, शिव प्रसाद खंडूड़ी, अजय नौटियाल,रमेश चंद्र सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
देवराड़ी देवी मंदिर देवल में आयोजित देवी नवरात्रि तीन दिवसीय महायज्ञ पूर्ण आहुतियों के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान पंडित कृष्ण चंद्र केडियाल, देवेंद्र देवली, सुशील देवली, राकेश चंद्र आदि ने दुर्गा सप्तशती मंत्रों से देवी की पूजाएं संपादित की। इस मौके पर देवल, सिदोली, गैंथी, ढमढमा, बरतोली, धनपुर, चोरड़ा, कांडई, गौचर, दुआ, कांडा आदि गांवों से लोग पहुंचे। जबकि डिम्मर गांव के पौराणिक टटेश्वर महादेव मंदिर में भव्य जल कलश शोभा यात्रा और श्री राम चरित मानस पाठ के साथ श्री राम, लक्ष्मण, सीता और पवन पुत्र हनुमान की मूर्तियों को नव निर्मित मंदिर में प्रतिस्थापित किया गया। इस मौके पर पंडित संतोष खंडूड़ी, मंदिर के महंत योगेशानंद महाराज, मोहन प्रसाद डिमरी, शैलेंद्र प्रसाद, रविंद्र खंडूड़ी, पवन डिमरी सहित डिम्मर, सिमली, सैंण, भभराड़ी, मज्याड़ी, राड़खी, माखोली आदि गांवों के श्रद्वालुओं ने पूजा अर्चना कर पुण्य अर्जित किया।