जोशीमठ। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधीन भविष्य बदरी मंदिर को जल्द भव्य रूप दिया जाएगा। मंदिर के भव्य निर्माण के लिए अमेरिका में रह रहे अप्रवासीय भारतीय पंकज कुमार ने बीकेटीसी को एक करोड़ पैंतालीस लाख रुपये की धनराशि दान दी है। बीकेटीसी ने मंदिर के विस्तार के लिए ग्रामीणों से भूमि उपलब्ध कराने का आह्वान किया है।
भविष्य बदरी मंदिर मौजूदा समय में छोटे आकार में है और यह स्थान शीतकाल में बर्फ से ढका रहता है। मंदिर का अब भव्य निर्माण किया जाएगा। बीकेटीसी के अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल ने बताया कि अमेरिका के टेक्सॉस शहर में रहने वाले पंकज कुमार सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर में कार्य करते हैं। वह मूल रूप से मुंबई के रहने वाले हैं। पंकज कुमार ने भविष्य बदरी मंदिर के भव्य निर्माण की इच्छा जताई थी, जिस पर मंदिर समिति ने अपनी सहमति दी। अब पंकज ने मंदिर के भव्य निर्माण के लिए मंदिर समिति को दान की धनराशि भी उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि भविष्य बदरी मंदिर के भव्य निर्माण से तीर्थयात्रियों की संख्या में भी इजाफा होगा।
भविष्य बदरी मोटर मार्ग का निर्माण शुरू
जोशीमठ। तपोवन-रिंगी-भविष्य बदरी मोटर मार्ग का निर्माण मंगलवार को भूमि पूजन के बाद शुरू हो गया। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने सड़क निर्माण का भूमि पूजन किया। आठ करोड़ की लागत से 14 किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण होगा। इस सड़क के निर्माण के लिए ग्रामीणों ने कई दिनों तक जोशीमठ तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन भी किया था।
वर्ष 2018 में तपोवन-रिंगी-भविष्य बदरी सड़क को स्वीकृति मिली थी। तब से ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब मंगलवार से सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सड़क बनने से रिंगी और भविष्य बदरी गांव के 600 ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। इस मौके पर पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता तनुज कांबोज, बीकेटीसी अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, रामकिशन सिंह रावत, रमेश चंद्र सती, किशोर पंवार, रणजीत लाल, संग्राम सिंह, भगवती प्रसाद नंबूरी, कुलदीप कठैत और नितेश चौहान आदि मौजूद थे।