जोशीमठ। औली में होने वाली बहुचर्चित गुप्ता बंधुओं के बेटों के शादी समारोह के लिए नियम, कानून ताक पर रखे जा रहे हैं। समारोह आयोजकों को अभी तक औली में टेंट निर्माण की अनुमति नहीं मिली है लेकिन यहां जगह-जगह टेंट कालोनी निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो गया है।
औली में गुप्ता बंधुओं के दो बेटों की शादी होनी है। शादी समारोह 18 से 22 जून तक चलेगा और इसके लिए तैयारियां जोर शोर से शुरू हो चुकी हैं। समारोह आयोजकों की ओर से औली में सिर्फ आठ हेलीकॉप्टर और बीस टेंट लगाने की अनुमति मांगी गई है। टेंट लगाने की अनुमति अभी तक नहीं मिली है और यहां आयोजकों ने टेंट निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। जोशीमठ के उपजिलाधिकारी वैभव गुप्ता का कहना है कि अनुमति के लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है और औली में टेंट निर्माण कार्य अभी से शुरू हो गया है। इसे दिखवाया जाएगा। वहीं, पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र सती का कहना है कि औली उच्च हिमालय क्षेत्र में स्थित है। यहां होने जा रहे शादी समारोह से पर्यावरण पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। औली में अंतरराष्ट्रीय शीतकालीन स्कीइंग प्रतियोगिताएं होती हैं। यहां इस तरह के आयोजन से पर्यावरण, बुग्याल और औली स्लोप को भारी क्षति पहुंचेगी। सरकार को इस संबंध में विचार करना चाहिए।ेेे