जोशीमठ। हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन ने 20 जून तक बच्चों, बीमार और बुजुर्गों से हेमकुंड यात्रा न करने की अपील की है। हेमकुंड आस्था पथ पर अभी अत्यधिक बर्फ जमी है, साथ ही हिमखंडों को काटकर बनाया गया मार्ग भी काफी संकरा है, जिससे यहां अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से दिक्कत हो रही है।
हेमकुंड साहिब के कपाट विगत एक जून को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे, लेकिन अभी तक यहां श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाएं नहीं जुट पाई हैं। साथ ही इस आस्था पथ पर करीब दो किमी के दायरे में भारी हिमखंड होने से तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सेना के जवानों ने हिमखंडों को काटकर रास्ता तैयार किया है। यह रास्ता काफी संकरा है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के यहां पहुंचने से आवाजाही में भी दिक्कतें हो रही हैं। इन सभी समस्याओं को देखते हुए हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा प्रबंधक सेवा सिंह ने बच्चों और बुजुर्गों से 20 जून तक यात्रा न करने की अपील की है। हेमकुंड साहिब में अब तक करीब 53 हजार श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।