गोपेश्वर। थर्टी फर्स्ट और नए साल का जश्न मनाने के लिए औली, कांचुलाखर्क, चोपता, मंडल सहित जिले के अन्य पर्यटन स्थलों में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। पर्यटक हिमालयी क्षेत्र में स्थित क्वांरियास, लार्ड कर्जन रोड, सप्तताल जैसे पर्यटन स्थलों के सैर-सपाटे पर भी पहुंच रहे हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने रविवार को औली पहुंचकर पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस विभाग को जोशीमठ, औली और मंडल आदि पर्यटन स्थलों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा गया है कि होटल और रेस्टोरेंट में खास निगरानी रखें और शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करे।
पर्यटन स्थल औली में आगामी पांच जनवरी तक के लिए सभी होटल बुक हैं। गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से पर्यटकों को गढ़वाली व्यंजनों में झंगोरे की खीर, चैंसा, कोदे की रोटी, भट्ट की दाल परोसने की व्यवस्था की गई है। मंडल घाटी के कांचुलाखर्क और मंडल बाजार में भी पर्यटक भारी संख्या में उमड़ रहे हैं। दिल्ली के अभिजीत, मदन मोहन और राजन कुमार का कहना है कि इंटरनेट पर औली और चोपता के बारे में पढ़ा तो यहां थर्टी फर्स्ट मनाने आ गए। रविवार को चोपता में रहने के बाद थर्टी फर्स्ट का जश्न औली में मनाएंगे। गोपेश्वर पहुंचे चंडीगढ़ के पर्यटक मनजीत, रेणुका, कुमकुम, डौली और जोत सिंह का कहना है कि वे चोपता में थर्टी फर्स्ट का जश्न मनाएंगे। पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट का कहना है कि सभी पुलिस थानों को थर्टी फर्स्ट पर जिले की सीमाओं पर बैरियर लगाकर सघन वाहन चेकिंग, यातायात व शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।