गोपेश्वर। हेमकुंड साहिब के आस्था पथ से बर्फ हटाने का काम जोरों पर चल रहा है। शनिवार को सेना के जवानों ने हेमकुंड साहिब से भी बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। जवान बर्फ में पगडंडी बनाकर हेमकुंड साहिब पहुंचे थे। गुरुद्वारा कमेटी का कहना है कि यदि मौसम ने साथ दिया तो 20 मई तक हेमकुंड साहिब मार्ग को सुचारु कर दिया जाएगा।
24 अप्रैल से आर्मी इंजीनियरिंग कोर के 50 जवानों के दल ने हेमकुंड साहिब के आस्था पथ पर घांघरिया से हेमकुंड तक बर्फ हटाने का काम शुरू किया था। हेमकुंड में मौसम खराब होने के कारण अभी तीन दिनों तक बर्फ हटाने का काम प्रभावित हुआ। शुक्रवार को सेना के जवान अटलाकुड़ी से बर्फ में पगडंडी बनाकर हेमकुंड साहिब पहुंचे और शनिवार से यहां रास्ते से बर्फ हटाने का काम शुरू किया। हेमकुंड साहिब में अभी भी करीब दस फीट तक बर्फ जमी है। बर्फ हटाने में सेना के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। बर्फ हटाने वाले दल का नेतृत्व कर रहे सूबेदार मेजर सुखदर्शन सिंह ने कहा कि हेमकुंड साहिब क्षेत्र में पल-पल में मौसम बदल रहा है, जिससे बर्फ हटाने का काम प्रभावित हो रहा है। घांघरिया से अटलाकुड़ी तक बर्फ हटाकर रास्ता सुचारु कर दिया गया है जबकि अटलाकुड़ी में 15 फीट तक बर्फ काटकर रास्ता बनाया जा रहा है। यहां हेमकुंड तक एक किलोमीटर रास्ते की बर्फ हटा दी गई है, जबकि दो किलोमीटर तक बर्फ हटानी शेष है। गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि रास्ते को खोलने में कई सेवादार भी लगे हुए हैं।