पीपलकोटी। मेहरगांव के ग्रामीणों ने राइंका कॉलेज गडोरा से उनके गांव तक सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि शासन-प्रशासन की स्वीकृति के बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बैठक कर निर्णय लिया यदि शीघ्र सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो 24 मई से आंदोलन किया जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील कोठियाल ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की संस्तुति भी मिल गई थी इसके बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। बैठक में मनोरी लाल, खुशपाल लाल, नरेश लाल, पुष्कर लाल, आलम लाल और सत्येश्वर प्रसाद आदि मौजूद थे।