गौचर। केंद्र सरकार के विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से संचालित इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम वर्ष 2025-26 में चमोली जिले से 139 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। चयनित छात्र-छात्राएं आधुनिक और परंपरागत विज्ञान के समन्वय से अपने नवाचारी माॅडल प्रदर्शित करेंगे।
इंस्पायर अवार्ड कार्यक्रम के जिला समन्वयक गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि कक्षा छह से इंटरमीडिएट तक के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने तथा अपने परिवेश में होने वाली विभिन्न समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान के लिए नवाचारी आइडिया आमंत्रित किए जाते हैं। चयनित बच्चों को केंद्र सरकार की ओर से संचालित माॅडल प्रोजेक्ट बनाने के लिए दस हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से बच्चों के खातों में भेजी जाती है। मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक श्रीकांत पुरोहित, जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक पंकज उप्रेती व समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों ने जनपद से बच्चों के चयनित होने पर खुशी जताई। संवाद