गोपेश्वर। ऑल वेदर रोड परियोजना कार्य से चमोली जिले के कई क्षेत्रों में बीएसएनएल की ओएफसी लाइन आए दिन क्षतिग्रस्त हो रही है। ऐसे में साठ से अधिक गांवों में संचार सेवा ठप पड़ी है।
गोपेश्वर के समीप घिंघराण क्षेत्र में पांच दिनों से बीएसएनएल की कनेक्टिविटी ठप है, जबकि निजमूला घाटी में भी मोबाइल टावर काम नहीं कर रहा है, जिससे क्षेत्र के 60 से अधिक गांवों में संचार सेवा बंद है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन क्षेत्रों में मात्र बीएसएनएल की मोबाइल सेवा ही है। वहीं, जोशीमठ, पोखरी, गोपेश्वर, पीपलकोटी, घाट और नंदप्रयाग क्षेत्रों में भी सेवा सुचारु कार्य नहीं कर रही है। दूरसंचार के जीएम विजयपाल का कहना है कि ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य से आए दिन ओएफसी लाइन क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे सेवा सुचारु काम नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि लाइन पर 84 ज्वाइंट लगा दिए गए हैं। इसके बाद भी सेवा दुरुस्त नहीं हो पा रही है। हालांकि परियोजना कार्य पूरा होने पर ही लाइन दुरुस्त कर संचार सेवा सुचारु कर दी जाएगी।
पोस्ट ऑफिस में काम प्रभावित
नारायणबगड़। एक सप्ताह से बीएसएनएल की संचार सेवा बार-बार बाधित होने से नारायणबगड़ के मुख्य डाकघर में काम प्रभावित हो गया है। उपभोक्ता बलवंत सिंह रावत ने बताया कि पोस्ट ऑफिस में इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने से चार दिनों से अपनी पीएलआई, आरडी की किश्त जमा करने के लिए चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पोस्ट ऑफिस के उप डाकपाल एचएस राणा ने बताया कि भारतीय दूर संचार निगम के अधिकारियों से कई बार इंटरनेट सेवाओं को सही करने की मांग की थी, लेकिन इस दिशा में सकारात्मक प्रयास नहीं होने से पोस्ट ऑफिस का काम प्रभावित हो गया है।