जोशीमठ। छह माह तक गांव-गांव तक भ्रमण करने के पश्चात रविवार को कलगोठ गांव के आराध्य देवता जाख राजा भक्तों से विदा लेकर अपने मंदिर में विराजमान हो गए हैं। जाख राजा से मिलने के लिए रविवार को मंदिर में सैकड़ों भक्त पहुंचे । ध्याणियों ने जाख राजा के दर्शन कर अपने परिवार की कुशलता की कामना की। इस बार कलगोठ क्षेत्र में रुक-रुककर हुई बारिश और बर्फबारी के कारण विषम भौगोलिक परिस्थितियों में जाख राजा के निशान ने गांव-गांव जाकर अपने भक्तों की कुशलक्षेम पूछी। रविवार को सुबह पांच बजे से जाख मंदिर में पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी। डुमक, उर्गम और किमाणा गांव से पहुंचे देवताओं के पश्वा भी कलगोठ गांव पहुंचे। जाख राजा ने अपने पश्वा पर अवतरित होकर भक्तों को दर्शन दिए। ग्रामीण लक्ष्मण सिंह रावत ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए प्रवासी ग्रामीण भी अपने गांव पहुंचे हुए थे। इस मौके पर तोता सिंह, इंद्र सिंह आदि मौजूद थे।