जोशीमठ। चमोली जिले में बुधवार को धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली लेकिन बदरीश पुरी अभी भी बर्फ से ढकी हुई है। बदरीनाथ के समीप ही बामणी गांव में सभी मकान और मंदिर बर्फ से ढक गए हैं। बदरीनाथ धाम में लगभग नौ फीट तक बर्फ जमी हुई है। हेमकुंड साहिब भी बर्फ से ढक गया है। यहां हेमकुंड पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का काम 25 अप्रैल से शुरू किया जाएगा।
हेमकुंड साहिब में करीब ग्यारह फीट बर्फ जमी है। यात्रा के प्रमुख पड़ाव घांघरिया में कई दुकानें बर्फ से ढकी हुई हैं। घांघरिया से हेमकुंड तक छह किलोमीटर आस्था पथ भी बर्फ से ढका हुआ है। गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह का कहना है कि अत्यधिक बर्फबारी को देखते हुए हेमकुंड पैदल मार्ग पर 25 अप्रैल से बर्फ हटाने का काम शुरू किया जाएगा।