गोपेश्वर। पोखरी क्षेत्र में 21 किलोमीटर उडामांडा-रौता मोटर मार्ग के निर्माण में देरी पर पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से कार्यदायी संस्था संजय कंस्ट्रक्शन कंपनी को काली सूची में डाल दिया है। अब पीएमजीएसवाई की ओर से कंपनी को आगामी किसी भी निविदाओं में प्रतिभाग करने से प्रतिबंधित कर दिया है।
बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने विधानसभा के प्रथम सत्र में जिले से संबंधित कई मुद्दे उठाए थे। विधायक ने ग्राम्य विकास मंत्री से उडामांडा-रौता मार्ग के निर्माण में हो रहे विलंब और कार्यदायी संस्था पर की गई कार्रवाई के मामले में जानकारी मांगी थी। विधायक ने पीपलकोटी में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण और सैमी-मासौं मोटर मार्ग के निर्माण की प्रगति भी पूछी। बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सड़क निर्माण में काश्तकारों के दिए जाने वाले मुआवजे के बारे में मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि लोनिवि पोखरी डिवीजन के अंतर्गत नौ सड़कों में काश्तकारों को 477.36 लाख का मुआवजा दिया जाना है। पोखरी ब्लाक के उडामांड-चोपड़ा, पोखरी-विशालखाल-सांकरी-बामनाथ, पोखरी-हरिशंकर, जिलासू-ऑली और पोखरी-विशालखाल-ऑली कांडई के निर्माण के सालों बाद भी आरटीओ से पास न होने के प्रश्न पर लोनिवि के मुख्य अभियंता सत्येंद्र शर्मा की रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सड़कों का आरटीओ ने निरीक्षण के बाद सड़क सुरक्षात्मक कार्य करने का सुझाव दिया है। इसके लिए लोनिवि के अधिकारियों को निर्देशित भी कर दिया गया है।