कर्णप्रयाग। बीते पांच वर्षों से संचालित यूथ फिजिकल एकेडमी के 13 युवा लैंसडौन में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद भारतीय सेना का हिस्सा बने। युवाओं की सफलता पर स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने खुशी जताई।
अपर बाजार में राजकीय इंटर काॅलेज के बदहाल छात्रावास को किराये पर लेकर पूर्व सैनिक अनिल नेगी ने यूथ फिजिकल एकेडमी का संचालन किया। यहां युवाओं को नि:शुल्क सेना में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण दे रहे हैं। इससे कई युवा अर्धसैनिक बलों, सेना में अग्निवीर में चयनित हुए हैं। बीते रोज लैंसडौन में हुई पासिंग आउट परेड में एकेडमी के 13 युवा अग्निवीर बने। इस मौके पर प्रशिक्षक अनिल नेगी भी मौजूद रहे। नेगी ने बताया कि इस बार चयनित हुए 4 युवा गोरखा रेजीमेंट, 4 बंगाल इंजीनियर ग्रुप तथा 5 मेकनाइज्ड इंफेंट्री में शामिल हुए हैं। आगामी 2 दिसंबर को भी लैंसडौन परेड ग्राउंड में यूथ फिजिकल एकेडमी के 19 प्रशिक्षु शपथ लेंगे। फिजिकल एकेडमी के शिक्षक रणधीर रावत, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष तेजेंद्र रावत, पंकज, मोहित आदि ने अग्निवीर बने युवाओं को बधाई दी। संवाद