जोशीमठ। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर उपजिलाधिकारी वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में यात्रा रूट पर अस्थायी व स्थायी शौचालय का जिम्मा संभालने वाली संस्था सुलभ इंटरनेशनल के अधिकारियों के न होने पर एसडीएम ने संबंधित संस्था के अधिकारियों का जवाब तलब किया। इस दौरान यात्रा के समय जोशीमठ नगर में वाहनों का वनवे सिस्टम लागू करने पर भी सहमति बनाई गई।
नगर पालिका सभागार में आयोजित बैैठक में एसडीएम वैभव गुप्ता ने एनएच के अधिकारियों को बदरीनाथ हाईवे पर हिल साइड जगह-जगह जमा हुए मलबे के निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी और मैन पावर की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए कहा। यात्रा के दौरान जोशीमठ नगर में वाहनों के वनवे सिस्टम लागू करने पर व्यापारियों ने सहमति जताई। कहा गया कि पीपलकोटी क्षेत्र से बदरीनाथ की ओर जाने वाले यात्रा वाहन जोशीमठ के नृसिंह मंदिर रोड से होते हुए बदरीनाथ धाम पहुंचेंगे, जबकि बदरीनाथ से लौटने वाले वाहन जोशीमठ के मुख्य बाजार से होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। मुख्य बाजार में वाहनों का जाम लगने पर वाहन औली रोड से भेजे जाएंगे। एसडीएम ने लोनिवि के अधिकारियों को औली रोड को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सीएचसी जोशीमठ में पोस्टमार्टम की व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया। जल संस्थान को जोशीमठ नगर के साथ ही अन्य यात्रा पड़ावों में पानी की समुचित व्यवस्था करने के लिए कहा गया। बैठक में थाना प्रभारी जयपाल सिंह नेगी, नगर पालिका के ईओ सत्य प्रसाद नौटियाल, व्यापार संघ अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष चंडी प्रसाद बहुगुणा, अरविंद शर्मा और राकेश रंजन भिलंगवाल आदि मौजूद थे।