जोशीमठ। दो अलग-अलग बैंक खातों से निकाली धनराशि पुलिस ने खाताधारकों को वापस करवा दी। 14 जनवरी को जोशीमठ में कैलाश कुमार और कुलदीप कुमार ने तहरीर देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर एटीएम की जानकारी ले ली, जिसके बाद कैलाश के बैंक खाते से 25,896 और कुलदीप के खाते से 21,450 रुपये निकाले गए। दोनों खातेदारों की शिकायत पर थाना जोशीमठ में नियुक्त उप निरीक्षक सुमित ने इसकी जानकारी एसओजी टीम को दी। एसओजी टीम को जांच में पता चला कि खाताधारकों की धनराशि अलग-अलग ऑनलाइन कंपनियों के वॉलेट में जमा हुई है। पुलिस की ओर से ऑनलाइन कंपनियों से संपर्क किया गया और उन्हें लॉक करवाया गया। इसके बाद ऑनलाइन के नोडल अधिकारियों से पत्राचार और टेलीफोन से संपर्क कर खाताधारकों के खातों में धनराशि वापस करवाई गई। पुलिस की जांच टीम में उपनिरीक्षक सुमित, कांस्टेबल किरण कुमार और विपिन रावत थे। पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने जांच टीम की इस कार्रवाई पर खुशी जताई है।