कर्णप्रयाग। सत्ताधारी दल भाजपा लोक सभा चुनावों में जुट गया है। लोक सभा चुनावों की तैयारियों के लिए होने वाले त्रिशक्ति सम्मेलन को सफल बनाने के लिए भाजपा पदाधिकारी जुटे हैं। गढ़वाल लोक सभा का त्रिशक्ति सम्मेलन श्रीनगर में होगा। सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित अन्य बड़े नेता शिरकत कर सकते हैं।
भाजपा के जिला महामंत्री पंकज डिमरी ने बताया कि लोक सभा चुनावों के लिए पार्टी ने सांगठनिक रूप से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत श्रीनगर में भाजपा का त्रिशक्ति सम्मेलन आयोजित किया जाना है, जिसकी तिथि गौचर में होने वाली पांच फरवरी की बैठक में तय होगी। उन्होंने बताया कि पांच फरवरी को गौचर में प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ त्रिशक्ति सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। बैठक में बूथ से लेकर जिले तक पार्टी के क्रिया कलापों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही लोक सभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए जाएंगे।