कर्णप्रयाग। वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ बुधवार को 8.30 बजे श्री राजराजेश्वरी चंडिका मंदिर और बाल गोविंद भगवान सिमली के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। पुजारी प्रदीप गैरोला और आयोजकों ने दुर्गा सप्तशती और विष्णु सहस्त्रनाम मंत्रों के साथ मां चंडिका और बाल गोविंद भगवान की महाभिषेक पूजा कर पंचज्वाला आरती की। इस दौरान देवी-देवताओं के पश्वाओं ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। इस दौरान आयोजित कपाटोद्घाटन समारोह में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
कपाटोद्घाटन समारोह का शुभारंभ करते हुए कर्णप्रयाग विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से क्षेत्र में खुशहाली आती है। उन्होंने विधायक निधि से चंडिका मंदिर समिति सिमली, प्राथमिक विद्यालय सिमली, महिला मंगल दल डिम्मर और सिमली के लिए 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की। पूर्व डिप्टी स्पीकर डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी ने कहा कि पौराणिक धार्मिक स्थलों का विकास कर पर्यटन के मानचित्र पर लाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी ने श्री राजराजेश्वरी चंडिका मंदिर के प्रवेश द्वार से मंदिर प्रांगण तक रेलिंग और सुरक्षा दीवार के निर्माण की घोषणा की। इस दौरान आयोजित धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती विद्या मंदिर डिम्मर की छात्राओं ने नौरतों की देवी दुर्गा नारेणी..., जीआईसी सिमली की छात्राओं के सरस्वती नमस्तुभ्यं..., शंकराचार्य चिल्ड्रन एकेडमी की छात्राओं ने जै दुर्गे दुर्गा भवानी, अष्ट भुजा धारी माता..., जीआईसी के छात्र कृष्णा पुरोहित ने देणु ह्वे जा बाबा संकट मोचक हनुमंता... जागर और प्रभुकांत डिमरी ने जै बदरी विशाल बोला जै बदरी विशाल... आदि भजनों की प्रस्तुति दी। बीएन डिमरी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी और गायत्री नेगी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आरएस राणा, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह राणा, सभासद अरविंद गुर्साइं, किशोरी रतूड़ी, जयदीप गैरोला, सुरेश डिमरी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।