मिष्ठी का कहना है कि पापा टीवी वाले हनुमान जी हमारे घर पर ही रहेंगे। मुझे उनके साथ सेल्फी भी लेनी है। यह कहना है पार्क रोड निवासी 6 वर्षीय मिष्ठी का।
मिष्ठी अकेली ऐसी नहीं है जबसे बच्चों को पता चला है कि सोनी टीवी पर आने वाले संकटमोचन हनुमान धारावाहिक के बाल हनुमान इशांत भानुशाली दून आ रहे हैं, तब से बच्चों ने सेल्फी और ऑटोग्राफ की बुकिंग करानी शुरू कर दी है। बाल हनुमान की सुरक्षा के लिए चार बाउंसर तैनात किए जाएंगे।
हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर की ओर से 24 अप्रैल को बाला जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। यात्रा में शामिल होने के लिए मुंबई से टीवी कलाकार इशांत भानुशाली को बुलाया गया है।
ऑटोग्राफ लेने को उत्सुक है बच्चे
इशांत भी यहां आने की तैयारी में है। मंदिर के सेवादार संजय गर्ग ने बताया कि बच्चों ने इशांत को बाल हनुमान के रूप में देखा है। जब से बच्चों ने सुना है कि बाल हनुमान उनके शहर आ रहा है।
सबने अपने मम्मी-पापा को बाल हनुमान से मिलने की जिद करनी शुरू कर दी है। कोई इशांत को अपने घर ले जाना चाहता है तो कोई उसके साथ सेल्फी लेना चाहता है। बच्चे बाल हनुमान का ऑटोग्राफ लेना चाह रहे हैं। बताया कि सेल्फी और ऑटोग्राफ के लिए मंदिर की ओर से बुकिंग भी की जा रही है। पहले आने वाले बच्चों को पहले मौका दिया जाएगा।
बच्चों को इंतजार
नौ वर्षीय शानवी ने इशांत से मिलने के लिए कई तैयारियां की हुई हैं। शानवी ने कहा कि जब मैं बाल हनुमान से मिलूंगी तो उन्हें उपहार दूंगी। पांच वर्षीय यशस्वी और यथार्थ ने भी सेल्फी की बुकिंग करा ली है।