हाल ही में उच्चीकृत झूनी खलझूनी हाइस्कूल एकमात्र शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहा है। इसके चलते विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। मानकों के अनुसार शिक्षक तैनात नहीं करने पर महिला वीरांगना पंचायत प्रतिनिधियों में रोष है। झूनी गांव में आयोजित महिला वीरांगना पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई।
महिलाओं ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग पर पिछले साल जूनियर हाइस्कूल को उच्चीकृत कर हाइस्कूल बनाया गया। इस सत्र में 15 बालिकाओं ने विद्यालय में प्रवेश लिया, लेकिन कक्षाओं के संचालन के लिए एकमात्र शिक्षक तैनात किया गया है। ऐसे में इन बालिकाओं का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है।
महिलाओं ने कहा कि उच्चीकरण के बाद भी शिक्षकों की कमी के कारण यहां के छात्र हाइस्कूल की शिक्षा के लिए सूपी जाने के लिए मजबूर हैं। महिलाओं ने झूनी हाइस्कूल में मानकों के अनुसार शीघ्र शिक्षकों की तैनाती करने, सूपी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य की तैनाती करने की मांग उठाई।
कहा कि सूपी इंटर कॉलेज में भी 11वीं कक्षा में मात्र 14 बालिकाएं अध्ययनरत हैं। शिक्षकों की कमी के कारण अधिकांश अभिभावक अपने बच्चों को अन्यत्र भेज रहे हैं। महिलाओं ने गांव की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की। बैठक में तारा, बरखा, बसंती, अनीता आदि महिलाएं मौजूद थीं।