बागेश्वर। ऐतिहासिक डंगोली कोट भ्रामरी मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस और यातायात विभाग ने रूट और पार्किंग प्लान जारी कर दिया है। मेले के शांतिपूर्ण और सुगम संचालन के लिए पुलिस प्रशासन ने डंगोली से लेकर मंदिर परिसर तक सख्त यातायात व्यवस्था लागू की है। ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार डांक बंगला तिराहा कोट मंदिर से मंदिर परिसर की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मंदिर परिसर को पूरी तरह जीरो जोन घोषित किया गया है। मंदिर की तरफ आने वाले सभी वाहन कज्यूली प्राइमरी स्कूल मैदान और उससे आगे सड़क के एक किनारे पार्क कराए जाएंगे। कज्यूली मार्ग पर पार्क वाहन वापसी में कज्यूली गैस गोदाम मार्ग से होते हुए टीटबाजार की ओर निकलेंगे। बूहस्पतिवार शाम 5:00 बजे से डंगोली तिराहा से डांक बंगला तिराहा कोट मंदिर के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। बीडीसी सदस्य बलवंत सिंह भंडारी के आवास के पास स्थित बैरियर से स्व. पंकज गोस्वामी के आवास के मध्य मुख्य सड़क पर वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों का डायवर्जन
-बैजनाथ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के चौपहिया वाहन बलवंत सिंह भंडारी के आवास के पास स्थित बैरियर पर सवारियां उतारेंगे। इसके बाद इन वाहनों को हाइडिल कार्यालय से नीचे सड़क किनारे पार्क कराया जाएगा, जबकि दोपहिया वाहन निर्धारित स्थल पर पार्क होंगे।
-ग्वालदम और घेटी से आने वाले चौपहिया वाहन सिंगर होटल घांघली तिराहा बैरियर पर सवारियां उतारेंगे। ग्वालदम मार्ग के वाहन ग्वालदम रोड पर और घेटी मार्ग के वाहन घेटी रोड पर एक ओर पार्क किए जाएंगे।
- वज्यूला की तरफ से आने वाले श्रद्धालु वज्यूला बैरियर पर उतरेंगे, जिसके बाद वाहन वापस मार्ग के एक किनारे पार्क कराए जाएंगे।
भारी वाहनों के लिए कॉनवाई व्यवस्था
ग्वालदम से बैजनाथ और बैजनाथ से ग्वालदम की ओर जाने वाले सीधे बड़े वाहनों को दोनों ड्यूटी प्वाइंटों से बारी-बारी कॉनवाई के रूप में भेजा जाएगा। बैजनाथ तिराहे से रवाना किए गए वाहन जब घांघली तिराहा पार कर लेंगे, उसके बाद ही घांघली तिराहे से वाहनों को बैजनाथ की ओर छोड़ा जाएगा। अत्यधिक भीड़ और आपात स्थिति में बैजनाथ तिराहा और घांघली तिराहा दोनों ओर से मेला क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया जाएगा।
यहां रहेगी पार्किंग की सुविधा
हाइडिल कार्यालय मोड़ से ऊपर स्थित मैदान और वज्यूला मार्ग के ऊपरी पार्किंग में व्यापारियों और श्रद्धालुओं के वाहन पार्क होंगे।
बैजनाथ मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के दोपहिया वाहनों के लिए बलवंत सिंह भंडारी के आवास की छत पर पार्किंग बनाई गई है।
डंगोली तिराहे से आगे लीसा डिपो मैदान में अन्य दोपहिया वाहन पार्क कराए जाएंगे।
बैरियरों पर रोके गए वाहन केवल सड़क के एक ओर ही खड़े किए जा सकेंगे।