बागेश्वर। पिछले दो वर्षों में राष्ट्रीय कला उत्सव में जीत हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को एनसीईआरटी ने हुनर को निखारने का बड़ा मंच प्रदान किया।
देशभर के विजेताओं को भारत सरकार की ओर से दिल्ली के राष्ट्रीय बाल भवन में आयोजित राष्ट्रीय प्रतिभा संवर्धन कार्यशाला में भागीदारी का मौका मिला। जिले की होनहार छात्रा नीता दोसाद और हल्द्वानी के छात्र प्रखर जोशी ने भी 10 दिनों तक आयोजित कार्यशाला में भागीदारी की।
बीते चार मई से 14 मई तक आयोजित आवासीय कार्यशाला में देशभर के राष्ट्रीय कला उत्सव विजेता 65 छात्र-छात्राओं और 38 शिक्षकों ने भागीदारी की। जिले से राइंका सलानी की छात्रा और पिछले साल की कला उत्सव विजेता नीता दोसाद, विद्यालय के कला शिक्षक डॉ. हरीश दफौटी और राइंका नाचती की शिक्षिका दीपिका जोशी कार्यशला में शामिल हुईं। शिक्षक डॉ. दफौटी ने बताया कि विशेषज्ञ कला गुरुओं ने कत्थक, कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम, वायलिन, लोकनृत्य, बांसुरी, सितार, वोकल म्यूजिक की बारीकियां सिखाईं।
प्रतिभागियों को लाल किला, लोदी गार्डन, संगीत नाटक अकादमी, नेशनल म्यूजियम, नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का शैक्षिक भ्रमण भी कराया गया। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में सीखे ज्ञान का लाभ आगामी कला उत्सव की तैयारियों में मिलेगा।