बागेश्वर। सरकार की ओर से पूर्व में की गई घोषणाओं को लागू न करने से नाराज आशा वर्कर्स ने नसबंदी, डायरिया पखवाड़े का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने जिला अस्पताल में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सीएमओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सरकार की ओर से पूर्व में की गई घोषणाओं को पूरा करने की मांग की।
इस मौके पर आशा वर्कर्स ने कहा कि विभिन्न मांगों के निस्तारण को लेकर सरकार की ओर से पूर्व में घोषणा की गई थी, लेकिन उन घोषणाओं को लागू नहीं किया गया है। कहा कि टीकाकरण का पैसा उन्हें नहीं दिया गया है। प्रदर्शनकारी आशा वर्कर्स ने सरकार से उन्हें विभागीय स्वास्थ्य कर्मी बनाने का प्रस्ताव कैबिनेट के माध्यम से पारित कर केंद्र को भेजने सहित तमाम मांगें उठाई।
कहा कि यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया तो उन्हें प्रदेशव्यापी आंदोलन करना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में जानकी देवी, अंजू, हेमलता उपाध्याय, बसंती देवी, अनीता, विमला, कविता धपोला, गोविंदी देवी, तुलसीदेवी, किरन आर्य, सविता देवी आदि आशा वर्कर्स शामिल थी।