बागेश्वर में प्रदर्शन करते मजदूर। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। श्रम विभाग में पंजीकृत सन्निर्माण श्रमिकों ने योजनाओं का लाभ न मिलने पर नाराजगी जताते हुए जिला कार्यालय में प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने कहा कि उन्हें दो साल पहले दिए गए प्रशिक्षण के देयकों का भुगतान भी नहीं किया गया है। विभाग में पंजीकरण कराने के बावजूद सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रखा जा रहा है। श्रमिकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्रीय श्रम मंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। जल्द मांगें पूरी न होने पर आंदोलन करने की चेेतावनी दी।
उत्तराखंड भवन सन्निर्माण मजदूर संघ के प्रांतीय अध्यक्ष गणेश सिंह बोरा ने कहा कि वर्ष 2017-18 में शासन, प्रशासन और एनजीओ के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों को 15 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया था, जिसका 4200 रुपये प्रति मजदूर भुगतान अब तक नहीं किया गया है। बताया कि 2018-19 से किसी भी पंजीकृत श्रमिक या उसके आश्रितों को छात्रवृत्ति, प्रसवोपरांत व विवाहोपरांत लाभ, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा, पेंशन आदि नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंनेे नियमावली का पालन कर हर श्रमिक को योजनाओं का लाभ देने की मांग की। इस मौके पर शिव चरण सिंह बिष्ट, जिला मंत्री भागुली देवी, सोनू देवी, भूपाल सिंह आदि थे।