बागेश्वर कलक्ट्रेट में ई-आफिस का शुभारंभ करते डीएम। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिलाधिकारी विनीत कुमार ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में ई-आफिस का शुभारंभ किया। इसी के साथ जिले की सभी तहसीलों में ई-ऑफिस प्रणाली का शुभारंभ हो गया है। तहसीलों में अब ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्य होंगे। तहसील संबंधी कार्यों के लिए लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। फाइलों की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त होगी। ई-ऑफिस को स्वान नेटवर्क से जोड़ा गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यों में गतिशीलता के लिए तहसीलों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा गया है। इसमें त्वरित गति से ऑनलाइन कार्य होंगे। लोगों के तहसील संबंधी कार्यों को निपटाने में आसानी भी होगी। अधिकारियों का समय भी बचेगा और लोगों के धन की बचत भी होगी। लंबे समय तक अब कोई फाइल किसी पटल पर नहीं अटकेगी। समय से फाइलों का निपटारा होने से विकास कार्यों में तेजी आएगी। ई-ऑफिस पूर्णतया पेपर लेस है। इसमें डेटा कलेक्ट व सुरक्षित रहेगा। कंप्यूटर पर ही फाइलों के स्टेटस भी अपडेट होते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि जिला कार्यालय को बीते 24 अक्टूबर को इस प्रणाली से जोड़ दिया गया था। जिला कार्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली से अब तक 2500 पत्रावलियों पर आवश्यक कार्यवाही की जा चुकी है। जिले की सभी तहसीलों के साथ अन्य विभागों को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। वहां जिला सूचना विज्ञान अधिकारी भावेश जगरिया, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर रोहित बहुगुणा, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एसडीएम बागेश्वर योगेंद्र सिंह, कांडा राकेश चंद्र तिवारी, गरुड़ जयवर्द्धन शर्मा, तहसीलदार दीपिका आर्या आदि थे।