18 सूत्री मांगों को लेेकर डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर अभियंताओं की यहां चल रही हड़ताल मंगलवार पंद्रहवें दिन भी जारी रही। महासंघ के आंदोलनस्थल लोनिवि गेस्ट हाउस परिसर में जिलाध्यक्ष आरपी टम्टा की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि शासन अपर अधीक्षण अभियंता पद का वेतनमान ग्रेड पे उत्तर प्रदेश और केंद्र की तरह करने, कनिष्ठ अभियंता का ग्रेड पे एक जनवरी 2006 से 4800 रुपये देने, निगम, परिषद, संस्थान और निकायों में राजकीय विभागों के समान वेतन और सुविधा देने आदि मांगों पर कुछ नहीं कर रहा है। वक्ताओं ने चेेतावनी दी कि मांगें शीघ्र पूरी न होने पर जनप्रतिनिधियों का भी घेराव किया जाएगा।
सभा का संचालन महासंघ के जिला सचिव संजय कार्की ने किया। धरना प्रदर्शन में तरुण लुम्याल, प्रकाश जोशी, सुनील कांडपाल, जीबी तिवारी, जेके टम्टा, पंकज तिवारी बीसी जोशी, जीसी तिवारी, केएल वर्मा, दीपिका, कोकिला, दीपक तिवारी, नंद किशोर जोशी, ललित कुमार, इंद्र कुंवर, भास्कर बस्वाल, केके पाठक, शिव सिंह बोरा, सतीश चंद्र, ईश्वर जोशी, नरेंद्र तिरूवा आदि शामिल थे।