शराब की दुकान खुलने की सूचना मिलते ही दर्जनों महिलाएं स्टेशन में धमक गई। महिलाओं ने शराब की दुकान का शटर बंद करा दिया। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे कोतवाल ने महिलाओं को समझाया। महिलाओं ने शराब की दुकान का विरोध जारी रखने की चेतावनी दी।
बागेश्वर का स्टेशन स्टेट हाइवे में शामिल था। स्टेट हाइवे में शराब की दुकान नहीं खुलने के कोर्ट के निर्देश के कारण पहली अप्रैल से दुकान बंद थी। सरकार द्वारा शराब की दुकानों के संचालन के लिए नगर की सड़कों को जिला हाइवे घोषित होने के बाद स्टेशन में दुकान खुलने का रास्ता साफ हो गया।
रविवार को देशी शराब की दुकान खलने की भनक लगते ही घटबगढ़ वार्ड की महिलाओं ने शराब की दुकान के बाहर हंगामा काटना शुरू कर दिया। महिलाओं ने शराब की दुकान खुलने का जोरदार विरोध किया। कहा कि शराब की दुकान स्टेशन में होने के कारण यहां पर शराबियों का आतंक बना रहता है।
स्टेशन से शराब की दुकान बंद होनी चाहिए। सूचना मिलते ही कोतवाल टीआर वर्मा दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं को काफी समझाया। इसके बावजूद महिलाएं काफी समय तक ठेके के बाहर धरने में बैठी रही। महिलाओं के हंगामे के बाद अंग्रेजी शराब की दुकान भी नहीं खुल सकी।
महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकानों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। शराब की दुकान खुलने का विरोध करने वालों में इंद्रा जोशी, आशा देवी, लीला, तुलसी देवी, सोनी, बबली, मुन्नी, सरिता सहित कई महिलाएं शामिल थीं।