बागेश्वर। मंडलसेरा वार्ड के भुल्यूड़ा और पुराने सीएमओ कार्यालय के आसपास के उपभोक्ताओं को नियमित पानी नहीं मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया है। कई बार विभाग को सूचित करने पर भी समस्या का निदान नहीं होने पर महिलाओं का गुस्सा फूट गया। महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय में जाकर जल्द पानी की आपूर्ति सुचारु करने को कहा। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
भुल्यूड़ा तोक में पिछले छह महीने से लोगों को नियमित पानी की आपूर्ति नहीं होती है। तीसरे दिन उपभोक्ताओं को पानी दिया जाता है। पिछले एक सप्ताह से आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। तीसरे दिन भी लाइनमैन नाममात्र को पानी खोल रहा है। इसके कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शुक्रवार को लगातार पानी का संकट झेल रही महिलाओं के सब्र का बांध टूट गया। महिलाएं जल संस्थान कार्यालय में धमक गई और जल्द जल संकट से निजात दिलाने की मांग की। कहा कि नियमित पानी नहीं मिलने से नदी या प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। पानी के कारण रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। महिलाओं ने जल्द पेयजल संकट से निजात नहीं मिलने पर कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर पुष्पा पंत, रेखा पांडेय, गीता देवी, शोभा देवी, धना आदि मौजूद रहे।
ख्यूशालकोट में भी पानी की कमी
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत ब्लॉक के गांवों में भी पानी का संकट खड़ा हो गया है। शेर पंपिंग पेयजल योजना से जुड़े ख्यूशालकोट प्रथम, द्वितीय, कोट ख्यूशाल, मल्ला पातली, जमखोला सहित तमाम इलाकों में पानी की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि लाइन टूट जाने के कारण एक हफ्ते तक पानी नहीं आया। इस बीच वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर टैंकरों से भी पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाई। प्रधान पुष्पा देवी, देवेंद्र सिंह, नवीन चंद्र, अमीस कुमार, पंकज राणा, खुशाल सिंह, जगत सिंह आदि ने शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। उधर, जल संस्थान रानीखेत अधिशासी अभियंता सुरेश ठाकुर ने बताया कि लोनिवि के सड़क कटान के कारण पेयजल लाइन टूट गई थी जिसे जोड़ दिया गया है। शनिवार से पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। (संवाद)
पेयजल आपूर्ति नहीं होने पर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक का पुतला फूंका
गरुड़(बागेश्वर)। विकास खंड के कुलाऊं में पेयजल संकट गहरा गया है। पेयजल की आपूर्ति ठप होने ग्रामीणों ने कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक का पुतला फूंका। कुलाऊं, स्यालीस्टेट, लदियूड़ा में पेयजल संकट गहराने पर ग्रामीणों ने कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण के नेतृत्व में क्षेत्रीय विधायक का पुतला फूंका। पेयजल संकट के दौर से गुजर रहे ग्रामीणों ने कहा कि जल संस्थान और जल निगम ने पाइप लाइन तो बिछा दी है लेकिन इन लाइनों में पानी नहीं आ रहा है। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री ने शीघ्र आपूर्ति नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। वहां बहादुर बिष्ट, आनंद राम, प्रेमा रावत निशा, दुर्गा, रेखा आदि आदि शामिल थे।