जगथाना गांव के युवक और महिला मंगल दल के सदस्यों ने नशे के खिलाफ मोर्चा खोलकर मिसाल पेश की है। ग्रामीणों ने अवैध रूप से गांव में 26 पेटी शराब और बीयर लेकर पहुंचे वाहन और युवकों को पुलिस के हवाले किया।
बागेश्वर जिले के कपकोट के जगथाना गांव के युवक और महिला मंगल दल के सदस्यों ने नशे के खिलाफ मोर्चा खोलकर मिसाल पेश की है। ग्रामीणों ने अवैध रूप से गांव में 26 पेटी शराब और बीयर लेकर पहुंचे वाहन और युवकों को पुलिस के हवाले किया। गांव में नशे के कारोबार के खिलाफ मुहिम छेड़ने का एलान भी किया है।
विज्ञापन
युवक मंगल दल के अध्यक्ष खुशाल सिंह दानू ने बताया कि भारी मात्रा में शराब लेकर युवक गांव में पहुंचे थे। इसकी भनक लगने पर युवक और महिला मंगल दल के सभी सदस्य एकजुट होकर सड़क पर पहुंच गए। शराब से भरी ऑल्टो कार संख्या यूके 02बी 4849 को कब्जे में लिया और पुलिस को मामले की सूचना दी। इस दौरान युवकों को भी ग्रामीणों ने पकड़े रखा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस का भी ग्रामीणों ने घेराव किया।
लोगों का कहना था कि पुलिस की नाक के नीचे अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। ग्रामीण अगर सचेत नहीं होते तो यह शराब पकड़ी नहीं जाती। ग्रामीणों ने पुलिस से उनके सामने शराब की पेटियों की गिनती करने को कहा। ग्रामीणों का कहना था कि अगर पुलिस अवैध शराब के कारोबार को बंद नहीं कर पाई तो वह मंगल दल और ग्राम पंचायत मिलकर इसके खिलाफ अभियान चलाएंगे। पुलिस कर्मचारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
सीओ मनीष शर्मा ने बताया कि वाहन में 21 पेटी शराब और पांच पेटी बीयर रखी थी। पुलिस मय शराब के आरोपी सुमित शाही (19) निवासी असों और तनुज गढि़या उर्फ तारा (19) निवासी लीली को गिरफ्तार कर थाने लाई। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी तनुज के खिलाफ विगत जुलाई में गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। सुमित पूर्व में भी आबकारी अधिनियम में आरोपी रह चुका है।