सुअर के हमले में जख्मी मुन्नी देवी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/कांडा। कांडा तहसील के ठांगा गांव में सुअर के हमले में एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे लोगों ने सुअर को भगाया तब जाकर महिला की जान बची।
ठांगा गांव निवासी मुन्नी देवी (40) पत्नी पूरन राम बृहस्पतिवार को पालतू जानवरों को चराने के लिए पास के जंगल में गई थीं। उनके साथ पति और गांव के अन्य लोग भी थे। दोपहर करीब एक बजे महिला पर अचानक सुअर ने हमला कर दिया। मुन्नी देवी की चीख सुनकर पति और गांव के अन्य लोगों ने सुअर पर पत्थर फेंके और शोर मचाया तो सुअर जंगल की ओर भाग गया।
सुअर के हमले से मुन्नी देवी के सिर, हाथ, कमर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। सुअर से बचने के लिए महिला तालाब में कूद गई थी, जिसे ग्रामीणों ने बाहर निकाला और बेड़ीनाग अस्पताल पहुंचाया। महिला की हालत खतरे से बाहर है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी और महिला को मुआवजा देने और सुअर के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।