धरमघर (बागेश्वर)। जंगली सुअर के हमले में सनगाड़ निवासी एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। वहीं सनगाड़ के गधेरे में जंगली भालू ने भी चार महिलाओं पर हमले की कोशिश की। महिलाओं के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया।
ग्राम सनगाड़ निवासी मोहन सिंह मेहता की पत्नी लीला देवी (42) शनिवार सुबह चारा लेने जंगल में गई थी। इस दौरान सुबह करीब नौ बजे सुअर ने उन पर अचानक हमला कर दिया। सुअर के हमले में गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और हाथ में पकड़ी दरांती सुअर पर मार दी। उनके चिल्लाने पर जंगल में घास काट रहीं अन्य महिलाओं ने भी हल्ला मचाया।
तब जाकर सुअर भागा। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन जख्मी महिला को सड़क तक लाए। वहां से वाहन के जरिये उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। परिजनों ने घटना की सूचना रेंजर नारायण दत्त पांडे को दी। सुअरों के आतंक से निजात दिलाने और जख्मी महिला के इलाज के लिए मुआवजा दिलाने की मांग की। गांव के लोगों ने बताया कि इलाके में सुअरों के साथ ही भालुओं का भी आतंक है। शनिवार को ही सनगाड़ गेधेरे में भालू ने जंगल को जा रही चार महिलाओं पर हमले की कोशिश की। महिलाओं ने हौसला दिखाते हुए शोर मचाया। तब जाकर भालू जंगल की ओर भागा।