बागेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के लेटी गांव की महिला घास काटते समय खाई में गिर गई। ग्रामीण घायल महिला को खाई से निकालकर अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह बसंती देवी (27) पत्नी नंदन सिंह जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गई थी। पहाड़ी पर घास काटते समय अचानक उसका पैर फिसला और वह खाई में गिर गई। साथ गई महिलाओं की सूचना पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालात में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ अंकित कंडारी ने बताया कि अस्पताल की सूचना पर पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराया। महिला की सात साल की बेटी और तीन साल का बेटा है।