बागेश्वर के मंडलसेरा में ग्रामीणों को समझाते तहसीलदार मैनपाल सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
निकटवर्ती ग्राम मंडलसेरा में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर महिला ने हमला करते हुए जेसीबी क्षतिग्रस्त कर दी। मौके पर पहुुंची पुलिस टीम ने महिला को बमुश्किल समझाकर भेजा। कोतवाली पुलिस ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम मंडलसेरा में अतिक्रमण हटाने गई थी।
दो परिवारों के बीच कई साल से जमीन संबंधी विवाद चला आ रहा है। जमीन के मालिक ने वर्षों पहले जमीन कमाने के लिए किसान को दी थी, लेकिन किसान ने कब्जा छोड़ने से इंकार कर दिया। बताया कि जमीन मालिक ने अदालत में केस कर दिया। अदालत ने फैसला जमीन मालिक के पक्ष में देते हुए अतिक्रमण हटाने का आदेश राजस्व विभाग को दिया।
बुधवार शाम राजस्व विभाग की टीम गांव में अतिक्रमण हटाने के लिए गई तो एक महिला ने विरोध करते हुए टीम पर हमला कर दिया। अतिक्रमण हटाने के लिए खड़ी जेसीबी को लाठी डंडों से तोड़ दिया। पुलिस कार्रवाई कर रही है। मौके पर तहसीलदार मैनपाल सिंह, दरोगा कैलाश बिष्ट आदि थे।