बागेश्वर। जिला अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर का काम निर्धारित लक्ष्य के सात महीने बाद भी पूरा नहीं हो सका है। जिला अस्पताल में जून 2023 के दूसरे पखवाड़े से नवीनीकरण और सुधारीकरण का कार्य चल रहा है। जिसके अंतर्गत अस्पताल में दो माॅडल और हाईटेक ऑपरेशन थिएटर का निर्माण किया जाना है। कार्यदायी संस्था ने एक महीने के भीतर ओटी के तैयार हो जाने का दावा किया लेकिन नौ महीनों बाद भी यह तैयार नहीं हुआ है।
जिला अस्पताल में सुधारीकरण के कार्य के चलते ट्रामा सेंटर में अस्थायी ओटी बनाई गई है। जहां पर प्रसव और अन्य छोटे ऑपरेशन किए जा रहे हैं। बाकी मरीजों को ऑपरेशन के लिए रेफर करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल के सुधारीकरण के लिए विश्व बैंक से 20 करोड़ की रकम स्वीकृत की गई है। इससे अस्पताल में 16 निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। निर्माण कार्यों को सितंबर 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन निर्धारित अवधि के सात महीने बाद भी कार्य पूरा नहीं हुआ है।
कोट
माॅडल और हाईटेक ऑपरेशन थिएटर के लिए सारे उपकरण अस्पताल में आ चुके हैं। मशीनों को स्थापित किए जाने का काम शेष है। हफ्तेभर में नई ओटी तैयार होने की उम्मीद है। डॉ. वीके टम्टा, सीएमएस जिला अस्पताल बागेश्वर