बागेश्वर के जिला अस्पताल में बंद पड़ा अल्ट्रासाउंड कक्ष। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। अक्सर आपने किसी मरीज को डॉक्टर के पास पहुंचाने पर ये सुना होगा कि आप सही समय पर मरीज को ले आए हैं। यदि कुछ देर और रुकते तो परेशानी बढ़ जाती। इन दिनों रेडियोलॉजिस्ट के जिला अस्पताल बागेश्वर का यही हाल है। मरीज तो समय पर पहुंच रहे हैं लेकिन रेडियोलॉजिस्ट नहीं है।
तीन महीने से जिला चिकित्सालय में एक रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं हो सकी है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों के स्वास्थ्य के प्रति कितना सचेत है। स्थायी रेडियोलॉजिस्ट न होने से तीन महीने से लोग अल्ट्रासाउंड के लिए भटक रहे हैं। जो थोड़ी बहुत अल्ट्रासाउंड हो भी रहे थे, वो रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एलएस टोलिया के 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद से बंद हैं।
गरुड़, कपकोट, बागेश्वर, कांडा के लोग अल्ट्रासाउंड के लिए रोजाना जिला चिकित्सालय पहुंच रहे है। रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती कब होगी इसका किसी के पास जवाब नहीं है।
जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के कारण रेडियोलॉजिस्ट पहुंचने में देरी हो रही है। शीघ्र ही जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होगी। - डॉ. बीडी जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी।