सड़कों में डामरीकरण का काम करने वाले पश्चिम बंगाल के एक मजदूर की खाई में गिरने से मौत हो गई। बागेश्वर कोतवाली के एसआई गोपाल राम ने बताया कि पश्चिम बंगाल का रहने वाला 69 वर्षीय मानेंदर पुत्र विनोद मांझी सड़कों में डामरीकरण का काम करता था।
वह अपने साथियों के साथ सोमवार को ही बागेश्वर पहुंचा था। सोमवार की रात किसी समय वह चिड़ंग के समीप खाई में गिर गया। आशंका जताई जा रही है कि रात में वह लघुशंका करने के दौरान सड़क किनारे गया होगा और अंधेरा होने से खाई में गिर गया।
उसके साथियों को इस घटना का पता सुबह चला। उसके साथी मंगलवार की सुबह उसे जिला अस्पताल लाए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।