कार्तिक माह की पहली तिथि बुधवार से ग्रामीण इलाकों में शादी विवाह शुरू हो गए है। 500 और 1000 के नोटों का प्रचलन बंद होने से बारात की चमक दमक फीकी पड़ गई है। वर और दुल्हन पक्ष के अधिकांश लोगों ने अपने चिर परिचित दुकानदारों से बारात की सामग्री उधारी में लगभग खरीद ली है। दुकानदार दोनों पक्षों के लोगों को सामग्री खुले दिल से उधारी में दे रहे है। कुछ दुकानदार सामग्री का एडवांस चेक लेकर बारात की सामग्री दे रहे है। 100 से छोटे नोट बैंकों में उपलब्ध नहीं होने से लड़की और लड़के वाले ज्यादा परेशान नजर आ रहे है।
500 और 100 के नोटों का चलन बंद होने से सबसे ज्यादा परेशान शादी वाले घर हैं। शादी का सीजन बुधवार से शुरू हो गया है। दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों ने बाजार से अपने परिचित दुकानदारों से लगभग सारी सामग्री ले ली है। दुल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग बड़े दुकानदारों के पास रुपए बाद में देने की बात कर रहे हैं। उसके बाद ही सामान ले रहे हैं। परिचित दुकानदार उधारी में सामग्री देने को तैयार है। जिनका लेने देने सही नहीं है उनसे दुकानदार गवाही मांग रहे हैं। अपरिचित दुकानदार दूल्हा और दुल्हन पक्ष से सामान का एडवांस में चेक ले रहे है। गरुड़ बाजार के इलेक्ट्रॉनिक्स सामग्री के विक्रेता धीरज जोशी ने बताया कि बड़े नोटों का प्रचलन बंद होने से शादी बारात के सीजन में सामग्री कम बिक रही है।
काम चलाने के लिए वह अपने परिचत लोगों को उधारी में सामान दे रहे है। सिल्ली गांव निवासी गणेश पांडे ने बताया कि मेरे भाई का विवाह 28 नंवबर को है। शादी के लिए मैने बैंक से धन निकाल कर घर में रखा था। जिस दिन से बड़े नोट बंद हुए रात की नींद हराम हो गई है। सरकार के निर्देश पर बड़े नोट तो मैने बैंक में जमा कर दिए है। बैंक से मात्र अब तक दो हजार निकल पाए हैं। शादी की तिथि भी बदल नहीं सकता हूं। कुछ दुकानदारों से उधारी में सामान क्रय कर लिया है। भगरतोला गांव निवासी शिव सिंह बोरा की पुत्री की शादी 18 नंवबर को है। बोरा ने बताया कि छोटे उपलब्ध नहीं होने से दिक्कतें आ रही है। बैंक से भी गिने चुने नोट मिल रहे है। मालूम हो बोरा की गरुड़ बाजार में जनरल स्टोर की दुकान है। वह अपने परिचित दुकानदारों को उधारी में सामग्री दे रहे है। जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट ने बताया कि मेरे निर्वाचन क्षेत्र में जिस घर में शादी है। उस गांव के लोग छोटे नोट काम चलाने के लिए दुल्हा-दुल्हन पक्ष को देने की अपील की है।
अधिकांश दुल्हन शादी में पहनेंगी उधारी का लहंगा
गरुड़ (बागेश्वर)। दुल्हा और दुल्हन भी पहली बार दुकानों से उधारी में लहंगा और सूट क्रय करने को मजबूर है। गरुड़ बाजार के कपड़े के व्यापारियों ने बताया कि इस बीच जितने भी दुल्हन के लहंगे और दूल्हे का सूट बिके वह उधारी में चल रहा है। शादी में इस बार अधिकांश सभी दुल्हन उधारी का लहंगा पहनेंगी।
व्यापारी मदद को बढ़ाए हाथ
गरुड़ (बागेश्वर)। व्यापार संघ के अध्यक्ष अखिल जोशी आजाद ने व्यापारियों से संकट की घड़ी में लड़के और लड़की पक्ष के लोगों को व्यापारियों से हर संभव मदद करने को कहा है। उन्होंने व्यापारियों से नकदी उपलब्ध न होने पर चेक से सामग्री देने की अपील की है। ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष नवीन ममगई ने ग्रामीणों से उन लोगों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है जिन घरों में इस माह विवाह है।
16जीआरडी01 पी गरुड़ बाजार में एक दुकान से सामाग्री क्रय करते दुल्हा का भाई
16जीआरडी 02गरुड़ व्यापार संघ के अध्यक्ष अखिल जोशी