खिली धूप-बागेश्वर में कोहरा छंटने के बाद खिली चटक धूप। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। इन दिनों बागेश्वर में मौसम के विविध रंग देखने को मिल रहे हैं। जिला मुख्यालय समेत कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छा जा रहा है तो दिन में चटक धूप का आनंद लेने को मिल रहा है। रात में गिर रहा पाला कड़ाके की ठंड का एहसास भी करा रहा है। रविवार को बागेश्वर का न्यूनतम तापमान छह और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस था।
पिछले सोमवार और मंगलवार को हुई बारिश और बर्फबारी के बाद इन दिनों मौसम सुहावना हो गया है। बारिश और बर्फबारी के बाद ठंड भी कम हो गई है। सुबह नदियों से निकलने वाले कोहरे के कारण समूची घाटी कोहरे के आगोश में रह रही है। सुबह करीब साढ़े 10 बजे के बाद मौसम खुल जा रहा है। चटक धूप खिल रही है। लोग गुनगुनी धूप में चूख (बड़ा नीबू) सानकर खा रहे हैं।
दिन में गरम कपड़ों की जरूरत भी अब नहीं पड़ रही है। शाम के बाद गिर रहे पाले के कारण सुबह और शाम को ठंड बरकरार है। आने वाले दिनों में बारिश, बर्फबारी हुई तो ठंड फिर बढ़ जाएगी। फिलहाल सुबह के कोहरे को छोड़ दें तो दिन भर मौसम सुहावना बना हुआ है। (संवाद)