बागेश्वर/कपकोट। जिले में बारिश का दौर शुरू हो गया है। कपकोट क्षेत्र में भारी बारिश का कहर सड़कों पर टूट रहा है। रातभर हुई बारिश के बाद 20 सड़कों पर यातायात बाधित हो गया। दिनभर की मशक्कत के बाद 14 सड़कों पर यातायात सुचारू किया गया। छह सड़कें अब भी बंद होने से क्षेत्र की 10 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हो रही है।
रविवार शाम से कपकोट क्षेत्र में बारिश हो रही थी। देर रात से पूरे जिले में जमकर मेघ बरसे। जिला मुख्यालय समेत गरुड़, कांडा और दुगनाकुरी तहसील क्षेत्र में भारी बारिश हुई। सोमवार सुबह तक कपकोट ब्लॉक में 106 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बागेश्वर में 22 और गरुड़ में आठ मिमी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण कपकोट तहसील क्षेत्र की 20 सड़कों पर यातायात बाधित हो गया। इनमें एक मुख्य जिला मार्ग और बाकी ग्रामीण मार्ग थे। संबंधित विभागों ने जेसीबी मशीनों को मौके पर भेजकर सड़कों को खुलवाने का काम शुरू किया। शाम तक मशक्कत के बाद भी सभी सड़कों को खोला नहीं जा सका।
इन सड़कों पर बाधित है यातायात
बागेश्वर। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कपकोट-पिंडारी, भनार, नैकाना-बसोरा, काफलीकमेड़ा, सीरी, मुनार-गासी सड़कों पर यातायात बाधित है। इनमें एक मुख्य जिला मार्ग और बाकी ग्रामीण मार्ग हैं।
इन सड़कों पर शुरू हुई आवाजाही
बागेश्वर। कपकोट-कर्मी, बड़ेत, चचई, सनेती-बैकुड़ी, भानी-रीठाबगड़, ढालन-खुनौली, खड़लेख-भनार, गुलेर, खर्ककानातोली, हरसीला-पोलिंग, गुलम परगड़, बोरबलड़ा, कुंवारी, सूपी मोटर मार्गों पर यातायात सुचारू हो गया है। सभी सड़कें मलबा आने से बंद थीं।
कपकोट-कर्मी और कपकोट-पिंडारी सड़क पर फंसे रहे यात्री
कपकोट। कपकोट-पिंडारी और कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग बंद होने से पिंडर और सरयू घाटी के लोगों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया। कपकोट-पिंडारी सड़क पर बांसे के समीप पहाड़ी टूटकर गिर गई है। सोमवार की सुबह कपकोट को आ रही 20 से अधिक गाड़ियां सड़क टूटने से फंस गई। यात्रियों ने दोपहर तक इंतजार किया लेकिन सड़क नहीं खुल सकी। कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग पर भी ऐसा ही हाल रहा। सुबह छह बजे से यात्रियों ने दोपहर 12 बजे तक सड़क खुलने का इंतजार किया। पीएमजीएसवाई के ईई अंबरीश रावत ने बताया कि पिंडारी सड़क पर पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने से यातायात सुचारू करने में दिक्कत आ रही है। कर्मी सड़क पर दोपहर का यातायात सुचारू करा दिया गया था।
बारिश के दौरान मलबा आने से बंद सड़कों को खोलने का काम चल रहा है। अधिकतर सड़कें खुल गई हैं। बाकी बंद सड़कों पर मंगलवार को यातायात सुचारू होने की पूरी उम्मीद है।
शिखा सुयाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, बागेश्वर