नियमितीकरण और मानदेय बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर शासन स्तर से कोई उचित कार्रवाई नहीं होने से नाराज उत्तराखंड जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ के कर्मियों ने नारेबाजी की। नाराज कर्मी 28 सितंबर को मुख्य महाप्रबंधक के घेराव के लिए देहरादून जाएंगे।
जल संस्थान कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक में संविदा श्रमिक संघ के कर्मियों ने कहा कि छह सितंबर को मिले आश्वासन पर मंडलीय कार्यकारिणी की ओर से प्रस्तावित आंदोलन 28 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया था, लेकिन अभी तक शासन की ओर से उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
इससे सभी संविदा कर्मियों में नाराजगी है। कहा कि अब प्रांतीय संघ ने देहरादून में मुख्य महाप्रबंधक के घेराव का कार्यक्रम तय किया है। बागेश्वर से भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कर्मचारी देहरादून रवाना होंगे। बाद में कर्मियों ने इस संबंध का ज्ञापन जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को सौंपा। नारेबाजी और ज्ञापन सौंपने वालों में संजय परिहार, देवेंद्र बिष्ट, नंदन राम, रोहित कुमार, नरेंद्र परिहार, राकेश नेगी, भगवती प्रसाद, हरीश सिंह, गोपाल सिंह, नरेश कुमार, बलवंत सिंह आदि शामिल थे।