बागेश्वर। गर्मियों के मौसम में नगर की पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के लिए जल संस्थान जखेड़ा पेयजल योजना की मरम्मत का कार्य करा रही है। जिसके चलते नगर क्षेत्र के कठायतबाड़ा, स्टेशन रोड, अड़ोली और माजियाखेत क्षेत्र में दो दिनों से पानी की बूंद नहीं टपकी है।
जखेड़ा पेयजल योजना आरे के पास टूट गई थी। जिसके चलते गर्मियों के मौसम में नगर वासियों को पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने में समस्या आती है। जिसे देखते हुए जल संस्थान ने लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। लाइन में मरम्मत कार्य चलने से नगर की लगभग पांच हजार की आबादी को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जल संस्थान बीते कई दिनों से लाइन की मरम्मत में जुटा हुआ है।
पेयजल लाइन मरम्मत के दौरान विभाग ने क्षेत्र में पेयजल के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। नगर क्षेत्र में लोगों को पानी के लिए प्राकृतिक स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है। जल संस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने बताया कि कार्य तेजी से चल रहा है। शीघ्र मरम्मत कार्य पूर्ण कर पेयजल आपूर्ति सुचारू की जाएगी।