बागेश्वर। खरही ग्राम समूह पंपिंग योजना से पांचवे दिन पानी की आपूर्ति सुचारू हो गई है। एनएच निर्माण के दौरान मलबे में पाइप लाइन दबने से क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया था। लोगों को हैंडपंप और प्राकृतिक स्रोतों से पानी जुटाना पड़ रहा था।
बिलौना से खरही और पालड़ीछीना के गांवों के लिए बनी योजना से 55 गांवों की करीब दस हजार की आबादी को पेयजल मुहैया कराया जाता है। विगत मंगलवार को एनएच में चल रहे चौड़ीकरण के मलबे में योजना की मेन पाइप दबकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। जल निगम को पाइप लाइन की मरम्मत के लिए भारी मात्रा में मलबा हटाना था। जेसीबी की मदद से दो दिन तक मलबा हटाने का काम चला। ईई विपिन कुमार रवि ने बताया कि रैखाली के समीप पाइप लाइन को नुकसान हुआ था। शुक्रवार को पूरे दिन लाइन की मरम्मत चली। शाम को पाइप लाइन को दुरुस्त कर लिया गया था। शनिवार को क्षेत्र के सभी गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारू करा दी गई। संवाद