जिले में पूर्ण शराबबंदी और शराब का विरोध करने वाली महिलाओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग तेज हो गई है। छात्र युवा शक्ति ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए मंगलवार को प्रदेश सरकार का पुतला फूंकने और 10 मई को एनएच में एक घंटे का चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में छात्र नेता ललित गोस्वामी सहित अन्य छात्र युवा शक्ति का कहना है कि शराब के कारण युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। शराब बंदी की मांग को लेकर आंदोलन करने वाली महिलाओं पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। जबकि पहाड़ के शहरों से लेकर गांवों तक खुलेआम शराब बेची जा रही है। गांव-गांव तक नशे का कारोबार करने वाले शराब तस्करों में अंकुश लगाने के कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं। इसके खिलाफ 9 मई को पहले सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इसके बाद प्रदेश सरकार का पुतला फूंका जाएगा। इसके बाद भी शराब बंदी और महिलाओं पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लेने पर 10 मई को एनएच में चक्काजाम किया जाएगा।