नगर पंचायत द्वारा व्यापार कर में बढ़ोतरी करने, लोगों पर भवन कर लगाने का व्यापारियों एवं आम लोगों ने कड़ा विरोध किया है। गुस्साए व्यापारियों व आम लोगों ने रविवार को भराड़ी बाजार में प्रदर्शन किया। इस मौके पर हुई सभा में नगर पंचायत पर व्यापारियों व लोगों की राय लिए बिना व्यापार कर बढ़ाने एवं भवन कर लगाने का आरोप लगाया गया। वक्ताओं ने नगर पंचायत से व्यापार कर बढ़ाने व भवन कर लगाने संबंधी फैसले को वापस लेने की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
व्यापार मंडल भराड़ी के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी के नेेतृत्व में रविवार को व्यापारी जोरदार नारेबाजी करते हुए बाजार में एकत्रित हो गए। उन्होंने नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा नगर पंचायत ने क्षेत्र का विकास करने के बजाए व्यापार कर में बढ़ोतरी करने और लोगों पर भवन कर लगाने का प्रस्ताव पास कर किया है। जबकि क्षेत्र में व्यापार काफी कम है। अधिकतर लोग भवन कर देने की स्थिति में नहीं है। पंचायत ने कर लगाने से पहले व्यापारियों व आम लोगों से सलाह लेना भी उचित नहीं समझा।
उन्होंने कहा कि इस तरह के करों का कतई भुगतान नहीं किया जाएगा। यदि जोर जबरदस्ती की गई तो चक्काजाम करके आंदोलन और तेज किया जाएगा। नगर के सातों वार्डों में कमेटियों का गठन करके इस मामले में लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सभासद दीपक ऐठानी, दान सिंह ऐठानी, हरीश कोरंगा, दरबान ऐठानी, दिनेश राठौर, नंदन सिंह, हरीश बिष्ट, भूपाल सिंह, नासिर हुसैन, सुंदन सिंह, कमल कपकोटी, मनोज वर्मा, प्रवीण गढ़िया, आनंद शाही, नंदन प्रसाद, दयाल राठौर, हीरा ऐठानी, पूरन राम, चंचल सिंह शामिल थे।
पालिका के व्यापार कर का विरोध करेंगे व्यापारी
बागेश्वर। व्यापारियों की बैठक में नगर पालिका के व्यापार कर का पुरजोर विरोध करने का फैसला लिया गया। इस मौके पर कहा कि नगर पालिका ने यदि शुल्क में वृद्धि की तो आंदोलन किया जाएगा।
रविवार को प्रकटेश्वर मंदिर में हुई व्यापारियों की बैठक में कहा गया कि हाल ही में नगर पालिका ने सभी व्यापारियों को कर के दायरे में रखते हुए सभी से टैक्स वसूलने का निर्णय लिया है। कहा कि पहले से ही टैक्स के बोझ से दबे व्यापारियों पर अतिरिक्त टैक्स लगाना ठीक नहीं है। इसका विरोध किया जाएगा। व्यापारियों को विश्वास में लिए बिना ही नगर पालिका ने टैक्स लगाने का एकतरफा फैसला लिया है। बैठक में व्यापार मंडल के चुनावों पर भी मंथन किया गया। निर्णय लिया कि जल्द ही सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। नई सदस्यता के बाद चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश सोनी, लीलाधर पंडा, नवीन साह, शेखर पांडे, उमेश साह, देवेंद्र अधिकारी, गोविंद साह, राजा साह, मोहित रस्तोगी, हरीश साह, देवकीनंदन आदि मौजूद थे।